10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर प्रदर्शन, BKU ने दिया कॉकरोच जनता पार्टी का साथ

राजधानी दिल्ली एक बार फिर बड़े आंदोलन की तैयारी में है। 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन को अब भारतीय किसान यूनियन (BKU) का भी समर्थन मिल गया है। इस प्रदर्शन का आयोजन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा किया जा रहा है, जिसकी मुख्य मांगें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, स्पेशल समरी रिविजन (SSR) को वापस लेना और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानूनों को रद्द करना है।
BKU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। टिकैत ने साफ किया कि जो किसान दिल्ली पहुँच सकते हैं, उनका स्वागत है। वहीं, जो लोग किसी कारणवश दिल्ली नहीं आ पाएंगे, वे अपने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करें और भारत के राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपें।
ट्रैक्टरों के साथ पहुँचने की तैयारी और सुरक्षा घेरा
आंदोलन को और उग्र बनाने के लिए BKU उत्तर प्रदेश के युवा अध्यक्ष अनुज सिंह ने किसानों से ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली पहुँचने का आह्वान किया है। उन्होंने दावा किया कि किसान बैरिकेड्स तोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस मुहिम में केवल BKU ही नहीं, बल्कि AISA, AISF, कीर्ति किसान यूनियन, ऑल इंडिया किसान सभा, जय किसान आंदोलन, BKU डकौंडा और क्रांतिकारी किसान यूनियन जैसे संगठन भी शामिल हो रहे हैं।
इधर, दिल्ली प्रशासन और पुलिस इस बड़े जमावड़े को लेकर अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 221 कंपनियों के करीब 23,000 जवानों को शहर में तैनात किया गया है। शहर के कई हिस्सों में मल्टीलेयर बैरिकेडिंग की गई है और रेलवे स्टेशनों व बस टर्मिनलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य है और भीड़ की संख्या पर सख्त सीमा लागू की जाएगी। साथ ही, पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश और हरियाणा को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।