JNU यौन उत्पीड़न मामला: कांग्रेस सांसद को निकालने की मांग पर दिल्ली में उतरी भाजपा

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया जब उत्तर-पूर्वी राज्यों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह पूरा मामला जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में छात्राओं के साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न से जुड़ा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें पार्टी से तुरंत निष्कासित करने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का यह जत्था दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्र स्कूल रेड लाइट से शुरू होकर कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ा। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली भाजपा की महासचिव योगिता सिंह ने किया, जबकि उनके साथ दिल्ली भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष सीएल मीणा भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाए और सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
11 छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही योगिता सिंह ने मीडिया को बताया कि यह एक प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन है, जिसमें उत्तर-पूर्व के लोग शामिल हुए हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि JNU की करीब 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपनी कार्रवाई शुरू की।
भाजपा नेताओं का दावा है कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है। योगिता सिंह ने आरोप लगाया कि सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के पार्टी में गहरे संबंध हैं, यही वजह है कि कांग्रेस उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर इस तरह का दोहरा रवैया पूरी तरह से अस्वीकार्य है और सांसद को पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए।