JNU उत्पीड़न मामला: कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का 'नारी शक्ति हुंकार आंदोलन'

जेएनयू (JNU) के 11 छात्रों के साथ कथित यौन उत्पीड़न और 'सेक्स फॉर मार्क्स' के गंभीर मामले ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस सांसद प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए भाजपा महिला मोर्चा सोमवार, 12 अक्टूबर को दिल्ली की सड़कों पर उतरेगा। भाजपा महिला मोर्चा ने इस विरोध प्रदर्शन को 'नारी शक्ति हुंकार आंदोलन' का नाम दिया है।
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सांसद के खिलाफ जेएनयू की आंतरिक समिति ने 9 अक्टूबर को यौन उत्पीड़न और नंबरों के बदले यौन संबंधों की मांगों के आरोपों को सही पाया है। समिति ने सांसद के खिलाफ बर्खास्तगी की सिफारिश भी की है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेतृत्व और राहुल गांधी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।
प्रदर्शन का रूट और नेतृत्व
यह विरोध मार्च सुबह 11:00 बजे दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्र एजुकेशन सोसाइटी स्कूल से शुरू होगा। यहां से बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' की ओर कूच करेंगे, जहां जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इस आंदोलन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और प्रभारी डग्गुबती पुरंदेश्वरी करेंगी। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भाजपा की महिला सांसद, विधायक और पार्षद भी शामिल होंगी।
भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा हमला बोला है। भाजपा का कहना है कि जो नेता महिला अधिकारों और सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वे अपने ही सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने से क्यों कतरा रहे हैं? पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से अपने उन नेताओं को बचाती आई है जिन पर महिलाओं के उत्पीड़न के आरोप होते हैं, जैसा कि पूर्व में अंकिता दत्ता और राजस्थान के पूर्व विधायक मेवाराम जैन के मामलों में देखा गया था।
भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट मांग की है कि राहुल गांधी तुरंत आरोपी सांसद को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित करें, उनसे लोकसभा से इस्तीफा दिलवाएं और पीड़ित 11 छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।