वंदे मातरम् के अपमान पर कांग्रेस सार्वजनिक माफी मांगे, फरीदाबाद में भाजपा का कैंडल मार्च

Kittu Kumari16 August 20263 min read66 viewsNCR
वंदे मातरम् के अपमान पर कांग्रेस सार्वजनिक माफी मांगे, फरीदाबाद में भाजपा का कैंडल मार्च

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के रवैये के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) फरीदाबाद ने रविवार शाम जोरदार एवं शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के निर्देशानुसार भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कमल’ से गीता मंदिर, सेक्टर-15 तक कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में जलती मोमबत्तियां और जुबां पर ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत की गरिमा और देश के अमर बलिदानियों के सम्मान की रक्षा का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, जिला प्रभारी लतिका शर्मा, महापौर प्रवीण बतरा जोशी, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा मुख्य तैयार पर उपस्थित रहे। कैंडल मार्च के दौरान पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति के नारों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का बयान

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता केवल राजनीतिक संघर्ष का परिणाम नहीं, बल्कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और देशभक्तों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। श्री गोयल ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ महज शब्दों और सुरों का गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रत चेतना, राष्ट्रभक्ति और करोड़ों देशवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान किसी राजनीतिक दल की विचारधारा का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय की भावना और हमारे गौरवशाली इतिहास से जुड़ा विषय है। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के इस आचरण से राष्ट्रगीत और देश के बलिदानियों के सम्मान को ठेस पहुंची है, कांग्रेस नेतृत्व को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा राष्ट्र के सम्मान, राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा और देश के वीर सपूतों की गौरवशाली विरासत के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल के विचार

भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की आत्मा रहा है। इस राष्ट्रगीत ने देशवासियों के भीतर मातृभूमि के प्रति प्रेम और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया। इसके सम्मान के साथ खिलवाड़ करना उन असंख्य वीरों के त्याग और तपस्या का अपमान है, जिन्होंने भारत माता की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा फरीदाबाद का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रगीत, राष्ट्रध्वज और देश के वीर बलिदानियों के सम्मान के लिए सदैव सजग और प्रतिबद्ध रहेगा। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए देशवासियों से अपनी गलती स्वीकारते हुए माफी मांगनी चाहिए।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति और कार्यकर्ता

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष धर्मवीर भड़ाना, सीमा भारद्वाज, मुकेश शर्मा, जिला सचिव मनीष छोंकर, तरनजीत भाटिया, सुनील कुमार, राज मदान, मूलचन्द मित्तल, मनोज वशिष्ठ, सुरेन्द्र जांगड़ा, पार्षद ज्योति सिलानी, रोमा नंबरदार, अमित भारद्वाज, अजय प्रताप सिंह, सचिन ठाकुर, रजनीश सिंह, अवतार चंदीला, रोहित भाटिया, स्वेता शर्मा, रेखा मिश्रा, ललित भारद्वाज, शुभांकित गुप्ता, आनंद कुमार कश्यप और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment