JNU यौन उत्पीड़न मामला: कांग्रेस सांसद बिमोल अकोईजम को दिल्ली पुलिस का समन

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में घिरे कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजम की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए सांसद को औपचारिक नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब पुलिस उनसे संपर्क नहीं कर पाई, जिसके बाद नोटिस उनके आवास के बाहर चिपका दिया गया।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत यह नोटिस जारी किया है, जिसमें सांसद को गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में पेश होने का निर्देश दिया गया है। दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026 को हुई थी, जब JNU के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर वसंत कुंज नॉर्थ थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी।
11 छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप, यूनिवर्सिटी ने किया बर्खास्त
यह पूरा विवाद जुलाई 2025 से मई 2026 के बीच की घटनाओं से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि कम से कम 11 छात्राओं ने बिमोल अकोईजम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अकोईजम JNU के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफेसर थे। यूनिवर्सिटी की आंतरिक समिति (IC) ने मामले की जांच की, जिसमें पाया गया कि उन्होंने छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार किया और डराने वाला माहौल बनाया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर, कुलपति शांतिश्री डी पंडित ने 9 अक्टूबर 2026 को उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जो महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने से संबंधित हैं।
दूसरी ओर, इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद बिमोल अकोईजम ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश और 'विच हंट' करार देते हुए कहा कि उनके पास अभी तक समिति की रिपोर्ट या बर्खास्तगी का औपचारिक विवरण नहीं पहुंचा है।
इस मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। 13 अक्टूबर को भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी के नेतृत्व में महिला सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसद अकोईजम को लोकसभा से हटाने और शिकायत करने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।