दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर अब 'जीरो टॉलरेंस', केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिए सख्त निर्देश
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली-NCR के निकायों को प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई और जीरो टॉलरेंस अपनाने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली और एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए केंद्र सरकार अब बेहद सख्त रुख अपनाने जा रही है। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के नागरिक निकायों के साथ एक वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ कर दिया कि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ अब 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सर्दियों के इस मौसम में जमीन पर ठोस और दिखने वाले एक्शन की जरूरत है, ताकि हवा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।
कचरा जलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, तैनात होंगी क्विक रिस्पांस टीमें
मंत्री भूपेंद्र यादव ने नगर निगमों को कड़े निर्देश दिए हैं कि नगर पालिका कचरे, सूखे पत्तों और बायोमास को खुले में जलाने की घटनाओं पर बिल्कुल भी ढील न बरती जाए। उन्होंने कहा कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इसके लिए उन्होंने हर वार्ड में 'क्विक रिस्पांस टीमें' (QRT) तैनात करने को कहा है, जो कुछ ही घंटों के भीतर शिकायतों का निपटारा करें। यदि प्रवर्तन में कोई विफलता मिलती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने भलस्वा और ओखला जैसे डंपसाइट्स पर पुराने कचरे (Legacy Waste) को समयबद्ध तरीके से हटाने और रोजाना निकलने वाले कचरे के पूर्ण प्रसंस्करण के निर्देश दिए। उन्होंने मेयरों से अपील की कि वे वार्ड स्तर पर नियमित समीक्षा करें और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नोडल अधिकारियों के साथ व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं।
सड़कों पर धूल को नियंत्रित करने के लिए उन्होंने मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों (MRSM) की क्षमता बढ़ाने और सर्दियों में उन्हें डबल शिफ्ट में चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने और जीपीएस आधारित निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही। निर्माण स्थलों (C&D sites) पर धूल नियंत्रण नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है और चेतावनी दी गई है कि नियमों की अनदेखी करने वाली साइट्स को बंद कर दिया जाएगा।
इस बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह, CAQM के अध्यक्ष राजेश वर्मा और विभिन्न नगर निगमों के मेयर व कमिश्नर शामिल हुए। मंत्री ने दिल्ली के 'मलबा ऐप' और गाजियाबाद के 'सीएंडडी वेस्ट पोर्टल' जैसे सफल प्रयोगों को पूरे एनसीआर में लागू करने का सुझाव दिया है।