बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मनहास और टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने जापानी राजदूत से की मुलाकात

नई दिल्ली। ऐतिहासिक भारत-जापान द्विपक्षीय टी20 मैच से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI के अध्यक्ष मिथुन मनहास और टीम इंडिया के सदस्यों ने दिल्ली में भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची से मुलाकात की है। यह ऐतिहासिक मैच 22 सितंबर को भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न की शुरुआत के लिए तय किया गया है। इस मुलाकात की तस्वीरें BCCI के एक्स पोस्ट के जरिए साझा की गई हैं।
जापानी राजदूत ने दी शुभकामनाएं
जापानी राजदूत ओनो केइची ने भारतीय टीम को एक 'दारुमु' भेंट किया जो कि जापान का एक गुड-लक चार्म है। जापानी राजदूत ने अपने एक्स पोस्ट में बीसीसीआई अध्यक्ष और कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली टीम इंडिया से मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने आगामी एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
सुजुकी कप का आयोजन
सुजुकी कप का आयोजन 22 सितंबर को जापान के तोचिगी प्रान्त के साानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होगा। यह मैच 'स्पोर्ट 75' पहल का पहला कदम है। यह पहल जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच शिखर सम्मेलन के दौरान हुए समझौते से उपजी है और इसका उद्देश्य खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।