आजम खां की रिहाई पर भिड़े भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर, अखिलेश यादव पर साधा निशाना
गाजियाबाद में आजम खां की रिहाई की संभावनाओं के बीच भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर तीखा हमला बोला है।

समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां की डासना जेल से रिहाई की राह अब पूरी तरह साफ नजर आ रही है। इलाहाबाद हाईकोर्ट से मंगलवार को अंतिम जमानत मिलने के बाद अब उम्मीद है कि बुधवार को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत से उनका रिहाई परवाना जारी कर दिया जाएगा। लेकिन इस कानूनी प्रक्रिया के बीच राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है।
आजम खां की संभावित रिहाई को लेकर भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर जोरदार हमला बोला है। गुर्जर ने आरोप लगाया कि अखिलेश और शिवपाल यादव ने केवल मुस्लिम वोटों को लुभाने के लिए आजम खां की रिहाई के लिए काफी कोशिशें की हैं और इसके लिए उन्होंने 'नाक रगड़ने' तक का काम किया है।
राजनीतिक अस्तित्व और राम मंदिर पर टिप्पणी
नंदकिशोर गुर्जर यहीं नहीं रुके, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने आजम खां को रिहा कराकर अनजाने में भाजपा की राह और आसान कर दी है। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे को उठाते हुए दावा किया कि यदि अखिलेश यादव राम मंदिर की ओर कदम बढ़ाते हैं, तो उनका राजनीतिक अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
फिलहाल सबकी नजरें गाजियाबाद की अदालत पर टिकी हैं, जहां से रिहाई के आदेश मिलते ही आजम खां जेल से बाहर आ सकेंगे।