आस्था कुंज गैंगरेप केस: तीन आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी, पुलिस खंगालेगी कॉल रिकॉर्ड्स

दिल्ली के साकेत कोर्ट ने आस्था कुंज पार्क गैंगरेप मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों की न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। स्पेशल पोक्सो (POCSO) जज स्वाति शर्मा ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी हेमंत, मुकेश और आसिफ को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया था।
पुलिस की जांच अभी जारी है और इसी वजह से जांच अधिकारी ने अदालत से समय मांगा है। पुलिस अब आरोपियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) की गहनता से जांच करना चाहती है, ताकि इस जघन्य अपराध की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके। सरकारी वकील वसी उर रहमान चौधरी ने अदालत में दलील दी कि मामले की जांच अभी अधूरी है, इसलिए आरोपियों को हिरासत में रखना जरूरी है।
एक आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का भी केस
इस मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें से एक आरोपी कानून की पढ़ाई कर रहा है। वहीं, आरोपी आसिफ की गिरफ्तारी किसी साधारण तरीके से नहीं, बल्कि दिल्ली पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ के बाद हुई थी।
पुलिस टीम पर हमला करने और उन्हें जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में आसिफ के खिलाफ एक अलग मामला भी दर्ज किया गया है। फिलहाल तीनों आरोपी जेल में हैं और पुलिस सबूत जुटाने में लगी है।