आस्था कुंज गैंग रेप केस: साकेत कोर्ट ने चार्जशीट पर लिया संज्ञान, अब तय होंगे आरोप
दिल्ली के साकेत कोर्ट ने आस्था कुंज गैंग रेप मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पर संज्ञान लिया है। मामला अब चार्ज फ्रेमिंग की ओर बढ़ रहा है।

दिल्ली के साकेत कोर्ट ने सितंबर महीने में 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म (गैंग रेप) के मामले में पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया है। फास्ट ट्रैक पॉक्सो (POCSO) जज स्वाति शर्मा ने इस मामले की सुनवाई करते हुए अब 1 दिसंबर से आरोपों के निर्धारण (framing of charges) के लिए दलीलें सुनने का समय तय किया है।
दिल्ली पुलिस ने पिछले हफ्ते ही इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इस 500 पन्नों की चार्जशीट में पुलिस ने पुख्ता सबूत पेश किए हैं, जिनमें मोबाइल लोकेशन डेटा, कॉल रिकॉर्ड्स, सीसीटीवी फुटेज और क्राइम सीन से मिले बायोलॉजिकल सैंपल शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियोजन पक्ष ने 60 से ज्यादा गवाहों के नाम भी सौंपे हैं।
कानून की पढ़ाई कर रहा है एक आरोपी, मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया था आसिफ
पुलिस ने इस मामले में हेमंत, मुकेश और आसिफ नाम के तीन लोगों को गिरफ्तार किया था, जो हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों में से एक कानून की पढ़ाई कर रहा है। आरोपी आसिफ को दिल्ली पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत गैंग रेप, आपराधिक साजिश, जानबूझकर चोट पहुँचाने और आपराधिक धमकी जैसे गंभीर अपराधों के तहत संज्ञान लिया है। सरकारी वकील वासी उर रहमान चौधरी ने कोर्ट को बताया कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।
घटना के विवरण के अनुसार, यह वारदात 22 सितंबर को पीड़िता के जन्मदिन पर हुई थी। पीड़िता अपनी सहेली के साथ कालकाजी मंदिर गई थी और वहां से शाम करीब 7 बजे आस्था कुंज पार्क पहुंची थी। पार्क के गेट नंबर 7 से अंदर जाने के बाद जब वे बेंच पर बैठकर कुछ खा रही थीं, तब तीन युवकों ने पीछे से आकर उन पर हमला किया। आरोपियों ने पहले पीड़िता की सहेली को थप्पड़ मारा और उनके मोबाइल छीन लिए।
पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपियों ने बंदूक और चाकू दिखाकर उसे डराया और पार्क के एक अंधेरे हिस्से में ले गए। वहां एक आरोपी ने चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा आरोपी उसकी सहेली पर नजर रखे हुए था। इसके बाद उसे एक अन्य स्थान पर ले जाकर दोबारा यौन शोषण किया गया। पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और अब मामला कानूनी कार्रवाई के अगले चरण में पहुंच गया है।