दिल्ली के अशोक होटल में अपहरण की कोशिश, नागालैंड की महिला ने लगाया गंभीर आरोप

देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके चाणक्यपुरी स्थित 'द अशोक' होटल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां नागालैंड की रहने वाली एक 28 वर्षीय महिला ने तीन युवकों पर अपहरण की कोशिश और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। यह पूरी घटना रविवार तड़के करीब 3:30 बजे होटल के पार्किंग एरिया में हुई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़िता के मुताबिक, वह अपनी एक महिला सहेली के साथ होटल के एग्जिट गेट के पास वॉशरूम जाने के लिए निकली थी। तभी एक सफेद रंग की मर्सिडीज कार में सवार तीन युवक—दिव्यांशु, गौरव और मोहित—वहां पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने दोनों महिलाओं का अपहरण करने की कोशिश की। जब यह देखा गया, तो महिला के साथ मौजूद उनके पुरुष दोस्त आयुष, उद्भव और समर्थ बीच-बचाव करने आए। इसके बाद मामला और बिगड़ गया और आरोपियों ने हॉकी स्टिक, गियर लॉक और घूंसों से उन पर हमला कर दिया। इस झड़प में आयुष के दांतों में गंभीर चोट आई है।
पुलिस कार्रवाई और जांच की स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही चाणक्यपुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस को आता देख हमलावर अपनी गाड़ी से पीड़ितों को कुचलने की कोशिश करते हुए भागने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराया और पीड़ितों को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल भेजा।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (चोट पहुँचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। होटल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वारदात की सटीक कड़ियां जोड़ी जा सकें। हालांकि, आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कई आरोपों से इनकार किया है, लेकिन वे जांच में शामिल हो चुके हैं।
दूसरी ओर, 'द अशोक' होटल प्रबंधन ने इस मामले से पल्ला झाड़ लिया है। होटल के प्रवक्ता का कहना है कि यह घटना SOHO नामक एक क्लब के परिसर में हुई, जो लीज पर है। होटल प्रशासन का दावा है कि इस घटना का होटल के संचालन से कोई सीधा संबंध नहीं है।