अरविंद केजरीवाल और बेटी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी, 7 करोड़ की मांगी फिरौती
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को मिली जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ की मांगी फिरौती।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी गई है, जिसमें 7 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी गई है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जरनैल सिंह को फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए ये धमकियां भेजी गईं।
साइबर सेल ने शुरू की जांच
इस गंभीर खतरे को देखते हुए विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर 2026 को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल्स, आईपी लॉग्स और लोकेशन डेटा को खंगाल रही है, जिनके जरिए ये संदेश भेजे गए थे। अधिकारियों का मकसद धमकी देने वाले व्यक्ति की सही पहचान करना और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है।
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। विधायक जरनैल सिंह ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत और काफी मजबूत किया जाए ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।