अरिजीत सिंह का धमाका: 20 साल के संगीत सफर पर 9 शहरों में करेंगे लाइव कॉन्सर्ट

भारत के सबसे लोकप्रिय गायकों में से एक अरिजीत सिंह अपने प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आए हैं। अरिजीत सिंह ने अपने संगीत करियर के 20 साल पूरे होने के जश्न में साल 2027 के लिए एक भव्य 'इंडिया टूर' की घोषणा की है। जनवरी से मई 2027 तक चलने वाले इस टूर में वह देश के 9 प्रमुख शहरों में अपनी जादुई आवाज का जलवा बिखेरेंगे।
यह टूर केवल गानों तक सीमित नहीं होगा, बल्कि इसे स्टेडियम स्तर के भव्य प्रोडक्शन के साथ पेश किया जाएगा। टीम इनोवेशन द्वारा प्रोड्यूस और प्रमोट किए जा रहे इस इवेंट में मल्टी-टियर स्टेज, 360-डिग्री स्पेशियल ऑडियो, पैनोरमिक स्क्रीन्स और शानदार लेजर शो जैसे आधुनिक फीचर्स देखने को मिलेंगे, ताकि दर्शकों को एक यादगार अनुभव मिल सके।
इन शहरों में गूंजेगी अरिजीत की आवाज, नोट कर लें तारीखें
अरिजीत सिंह के इस टूर का शेड्यूल काफी रोमांचक है। वह 9 जनवरी 2027 को अहमदाबाद से अपनी शुरुआत करेंगे। इसके बाद 23 जनवरी को चंडीगढ़, 7 फरवरी को जयपुर, 20 फरवरी को मुंबई, 13 मार्च को बेंगलुरु और 27 मार्च को दिल्ली में परफॉर्म करेंगे। अप्रैल में 10 तारीख को पुणे, मई की शुरुआत में 1 मई को इंदौर और अंत में 15 मई 2027 को हैदराबाद में यह सफर पूरा होगा।
इस खास मौके पर अरिजीत सिंह ने कहा, "मेरे सफर का सबसे खूबसूरत हिस्सा वे लोग और सुनने वाले रहे हैं, जिन्होंने इन गानों को एक नई जिंदगी दी। मैं भारत के अलग-अलग शहरों में जाकर आप सभी के प्यार को लाइव महसूस करने के लिए बेहद उत्साहित हूं।"
टिकटों की बात करें तो यह बिक्री विशेष रूप से thumpN प्लेटफॉर्म पर होगी। कोटक सॉलिटेयर वीजा क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए प्री-सेल 10 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आम जनता के लिए टिकट 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे से उपलब्ध होंगे।
बता दें कि अरिजीत ने जनवरी 2026 में संकेत दिया था कि अब उनका ध्यान प्लेबैक सिंगिंग के बजाय लाइव परफॉर्मेंस और सोलो आर्टिस्टिक प्रोजेक्ट्स पर ज्यादा रहेगा, और यह टूर उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।