दिल्ली में एंटी टेरर कॉन्फ्रेंस 2026: विदेशी सबूत जुटाने और डिजिटल फोरेंसिक पर होगा मंथन, अमित शाह करेंगे उद्घाटन
दिल्ली में 'क्रॉस-बॉर्डर टेररिज्म' थीम पर एंटी टेरर कॉन्फ्रेंस शुरू हो रही है, जिसमें अमित शाह शामिल होंगे और आतंकवाद विरोधी रणनीतियों पर चर्चा होगी।

देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार से दो दिवसीय वार्षिक 'एंटी टेरर कॉन्फ्रेंस' का आगाज होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस साल की कॉन्फ्रेंस की थीम 'क्रॉस-बॉर्डर टेररिज्म' (सीमा पार आतंकवाद) रखी गई है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा होगी।
गृह मंत्रालय (MHA) के अनुसार, इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आतंकवाद विरोधी जांच में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। इसमें विशेष रूप से इस बात पर चर्चा की जाएगी कि विदेशी क्षेत्रों (Foreign Jurisdictions) से सबूत कैसे जुटाए जाएं। इसके साथ ही, काउंटर-टेररिज्म जांच में डिजिटल फोरेंसिक और डेटा एनालिसिस के इस्तेमाल और अदालती मुकदमों के प्रभावी प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों को भी संबोधित किया जाएगा।
आतंकवाद की फंडिंग और रेडिकलाइजेशन पर फोकस
कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजित होने वाले सत्रों में कट्टरपंथ (Radicalisation) को रोकने और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उभरते हाइब्रिड खतरों से निपटने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा, आतंकी फंडिंग नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए इस्तेमाल होने वाले टूल्स, तकनीकों और पुराने केस अनुभवों को साझा किया जाएगा। विशेषज्ञों का जोर इस बात पर रहेगा कि भविष्य की चुनौतियों के लिए काउंटर-टेररिज्म रणनीतियों को कैसे तैयार किया जाए और संस्थागत क्षमताओं को कैसे मजबूत किया जाए।
इस साल की कॉन्फ्रेंस की एक खास बात यह है कि इसमें राज्य पुलिस कर्मियों और पेशेवरों के लिए एक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम (Capacity-building training programme) भी आयोजित किया गया है। इस ट्रेनिंग के जरिए प्रतिभागियों को आतंकवाद की जांच में नए आपराधिक कानूनों को लागू करने, डिजिटल सबूतों का इस्तेमाल करने और गवाहों की सुरक्षा जैसे विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, केंद्रीय एजेंसियों के प्रतिनिधि और कानून, फोरेंसिक व टेक्नोलॉजी के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। 'होल ऑफ गवर्नमेंट अप्रोच' के तहत इस आयोजन का मकसद सभी हितधारकों के बीच तालमेल बढ़ाना है, ताकि आतंकवाद के खिलाफ एक समन्वित और ठोस कार्रवाई की जा सके और भविष्य की नीतियों के लिए महत्वपूर्ण इनपुट जुटाए जा सकें।