लक्मे फैशन वीक: अमित अग्रवाल के शो में अनीता पड्डा ने बिखेरा जलवा, रैंप पर दिखा Gen Z अंदाज

दिल्ली में आयोजित लक्मे फैशन वीक 2026 का रविवार रात को शानदार समापन हुआ। इस ग्रैंड फिनाले की सबसे बड़ी हाईलाइट रहीं 'सैयारा' फेम अनीता पड्डा, जिन्होंने मशहूर डिजाइनर अमित अग्रवाल के शो में म्यूज के तौर पर रैंप वॉक किया। अनीता ने अपने कूल और क्वर्की Gen Z अंदाज से पूरे माहौल में जान फूंक दी और अमित अग्रवाल के बेहतरीन कलेक्शन को खूबसूरती से पेश किया।
अमित अग्रवाल का यह कलेक्शन '5PM Glam Reset' थीम पर आधारित था, जो ऑफिस के काम वाले स्ट्रक्चर और शाम की आजादी के बीच के बदलाव को दर्शाता है। शो में स्ट्रक्चर्ड सिलुएट्स, गहरे रंग और रिच टेक्सचर्स का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें अमित की सिग्नेचर मेटालिक प्लीटिंग भी नजर आई। अनीता पड्डा ने एक धारीदार शर्ट के साथ मेटालिक कोर्सेट और बैंगनी रंग की वाइड-लेग ट्राउजर्स पहनी थी, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
वर्क डे से ग्लैमरस शाम का सफर
अपने कलेक्शन के बारे में बात करते हुए अमित अग्रवाल ने बताया कि यह पूरा शो इस बात पर केंद्रित है कि कैसे एक वर्किंग प्रोफेशनल सुबह 9 से शाम 5 की ड्यूटी के बाद, शाम 5 से रात 9 बजे तक खुद को बदलता है। उन्होंने कहा कि शाम 5 बजे के बाद इंसान खुद को एक आजाद परिंदे की तरह महसूस करता है और वह अपनी असल पहचान के साथ जीना चाहता है। अमित ने लक्मे के सपोर्ट की सराहना की, जिसने उनके इस विजन को मेकअप और बेहतरीन प्रोडक्ट्स के जरिए साकार करने में मदद की।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनीता पड्डा हाल ही में 'हुनकार: द रोर' सीरीज में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने एक ऐसी लड़की का किरदार निभाया जो एक शक्तिशाली धर्मगुरु पर यौन शोषण का आरोप लगाती है। इसके अलावा, अनीता जल्द ही मैडॉक फिल्म्स की फिल्म 'शक्ति शालिनी' में भी दिखाई देंगी।