पुलिस स्मृति दिवस: अमित शाह दिल्ली में देंगे शहीदों को श्रद्धांजलि, बाइक रैली को दिखाएंगे हरी झंडी

देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित नेशनल पुलिस मेमोरियल (NPM) पहुंचकर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यह दिन उन जांबाज जवानों की याद में मनाया जाता है जिन्होंने देश की अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह करीब 90 पुलिस राइडर्स की एक विशेष मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस रैली में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CRPF, CISF, BSF, SSB, ITBP और NSG) और केंद्रीय पुलिस संगठनों (RPF, NDRF और NIA) के जवान शामिल होंगे।
'नशे के खिलाफ जंग' थीम पर आधारित होगी बाइक रैली
गृह मंत्रालय के अनुसार, यह बाइक रैली देशव्यापी अभियान 'फाइट अगेंस्ट ड्रग्स' (नशे के खिलाफ जंग) का हिस्सा है। सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय बलों के ये राइडर्स 31 अक्टूबर को एकता नगर, गुजरात पहुंचेंगे, जहां वे एकता परेड में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले में दस पुलिसकर्मियों ने अपनी जान गंवाई थी, जिसके बाद से हर साल इस दिन को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। साल 2018 में प्रधानमंत्री ने नेशनल पुलिस मेमोरियल को राष्ट्र को समर्पित किया था, जो पुलिस बलों के साहस और बलिदान का प्रतीक है।
इस मुख्य समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त परेड होगी। गृह मंत्री के अलावा गृह राज्य मंत्री, पुलिस पृष्ठभूमि वाले सांसद और विभिन्न पुलिस बलों के प्रमुख भी शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए पुष्पचक्र अर्पित करेंगे।
श्रद्धांजलि समारोह के बाद, 22 से 30 अक्टूबर तक नेशनल पुलिस मेमोरियल में कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शहीदों के परिजनों का दौरा, पुलिस बैंड प्रदर्शन, 'रन फॉर मार्टियर्स', रक्तदान शिविर और बच्चों के लिए निबंध व पेंटिंग प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। देश भर के अन्य पुलिस बलों द्वारा भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।