सीमा पार आतंकवाद पर अमित शाह 19 नवंबर को दिल्ली में करेंगे बड़ा संबोधन
गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में आतंकवाद विरोधी सम्मेलन 2026 का उद्घाटन करेंगे और सीमा पार आतंकवाद पर चर्चा करेंगे।

देश की आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ रणनीति को मजबूत करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह आतंकवाद सम्मेलन 2026 को संबोधित करेंगे। नई दिल्ली में 19 नवंबर को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन गृह मंत्री द्वारा किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में 'सीमा पार आतंकवाद' (Cross-Border Terrorism) जैसे गंभीर विषय पर चर्चा होगी और सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
इस सम्मेलन का आयोजन गृह मंत्रालय के तहत आने वाली नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) द्वारा किया जा रहा है। यह इस कॉन्फ्रेंस का छठा संस्करण है। बैठक में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बंदी संजय कुमार, गृह सचिव, रॉ (R&AW) के सचिव और एनआईए के महानिदेशक समेत कई हाई-प्रोफाइल अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा, विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, केंद्रीय एजेंसियों के प्रतिनिधि और कानून, फॉरेंसिक व टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स भी मौजूद रहेंगे।
आतंकवाद के इकोसिस्टम को ध्वस्त करने पर रहेगा जोर
सम्मेलन के दौरान मुख्य रूप से इस बात पर चर्चा होगी कि कैसे उभरती हुई नई तकनीकों का इस्तेमाल कर आतंकी नेटवर्क को तोड़ा जाए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानूनी सहयोग को बेहतर बनाने और भारत के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय आतंकी इकोसिस्टम को पूरी तरह खत्म करने की रणनीतियों पर विचार किया जाएगा। अधिकारी अपने ऑपरेशनल अनुभवों और बेस्ट प्रैक्टिसेज को एक-दूसरे के साथ साझा करेंगे।
बता दें कि पिछले साल के सम्मेलन में साइबर अपराध और वित्तीय आतंकवाद (Financial Terrorism) से निपटने के लिए एक मानकीकृत रणनीति बनाने पर सहमति बनी थी। गृह मंत्री ने तब राज्यों को एक समान एंटी-टेरर स्क्वाड (ATS) ढांचा लागू करने के निर्देश दिए थे, ताकि खुफिया जानकारी का आदान-प्रदान तेजी से हो सके और कार्रवाई में कोई देरी न हो।
पिछले संस्करण में डीपफेक, हाइब्रिड वॉरफेयर और डिजिटल फॉरेंसिक जैसे आधुनिक खतरों पर भी मंथन किया गया था। इस बार भी गृह मंत्री पिछले साल के सुझावों और सिफारिशों पर हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, ताकि देश की आतंकवाद विरोधी क्षमता को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।