IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स में अमित मिश्रा की वापसी, संभालेंगे स्पिन बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। टीम ने अपने सबसे सफल विकेट लेने वाले खिलाड़ी अमित मिश्रा को स्पिन बॉलिंग कोच के तौर पर नियुक्त किया है। यह अमित मिश्रा के लिए आईपीएल में कोचिंग की दुनिया में कदम रखने का पहला मौका होगा, जबकि इससे पहले उन्होंने एक खिलाड़ी के तौर पर इस टूर्नामेंट में अपनी धाक जमाई थी।
दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा, "OG टाइगर वापस आ गया है! अमित मिश्रा, जो हमारे इतिहास के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, अब हमारे स्पिन-बॉलिंग कोच होंगे।"
अनुभवी दिग्गजों से सजी दिल्ली की कोचिंग टीम
अमित मिश्रा ने पिछले साल सितंबर में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। आईपीएल इतिहास में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने 162 मैचों में 174 विकेट झटके। इसके अलावा, वह आईपीएल में सबसे ज्यादा तीन हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम रखते हैं। अपने करियर में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद, डेक्कन चार्जर्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए भी खेला।
सिर्फ मिश्रा ही नहीं, बल्कि दिल्ली कैपिटल्स ने श्रीलंकाई दिग्गज चमिंडा वास को अपना बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। वास श्रीलंका के टेस्ट और वनडे क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रहे हैं। वह मुनाफ पटेल की जगह लेंगे, जिन्होंने पिछले दो सीजन तक इस जिम्मेदारी को निभाया था।
अब दिल्ली कैपिटल्स की यह नई कोचिंग टीम हेड कोच सौरव गांगुली के नेतृत्व में काम करेगी। टीम ने हाल ही में युवराज सिंह को असिस्टेंट और बैटिंग कोच के तौर पर भी जोड़ा है, जिससे यह साफ है कि फ्रेंचाइजी आगामी सीजन के लिए दिग्गजों के अनुभव का पूरा फायदा उठाना चाहती है।