नस्लीय टिप्पणी मामला: कंटेंट क्रिएटर आमिर शोकीन को मिली एक दिन की न्यायिक हिरासत
त्रिपुरा के युवक के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करने वाले कंटेंट क्रिएटर आमिर शोकीन को तीस हजारी कोर्ट ने एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा।

सोशल मीडिया पर मशहूर कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर आमिर शोकीन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियों और उत्पीड़न के आरोप में फंसे आमिर शोकीन को तीस हजारी कोर्ट ने शुक्रवार को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए उनकी छह दिनों की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल उन्हें एक दिन की हिरासत में भेजा है।
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें त्रिपुरा के एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न, नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमानजनक व्यवहार किया गया। त्रिपुरा के एक छात्र संगठन ने इस अकाउंट की पहचान @amirshokeen के रूप में की, जिसके बाद मामला गरमा गया।
पुलिस ने खुद दर्ज कराई शिकायत
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। डीसीपी (नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट) निहारिका भट्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने खुद शिकायतकर्ता बनकर सदर बाजार थाने में मामला दर्ज कराया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 192, 196, 352 और 353 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस की कई टीमों ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की और तकनीकी निगरानी (Technical Surveillance) के जरिए आमिर शोकीन का पता लगाया। गुरुवार शाम को पुलिस ने उन्हें धर दबोचा और गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी ओर, इस मामले की गूंज त्रिपुरा में भी सुनाई दे रही है। यूथ टिपरा फेडरेशन (YTF) और टिपरा इंडीजीनस स्टूडेंट्स फेडरेशन के सदस्यों ने अगरतला के एनसीसी पुलिस स्टेशन पहुंचकर जांच की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी। उन्हें बताया गया है कि आमिर शोकीन को अगले दो से तीन दिनों के भीतर अगरतला लाया जा सकता है।