महिपालपुर में खुले नाले में गिरी अमेरिकी महिला, नशे की हालत में लोगों से की बदतमीजी

देश की राजधानी दिल्ली के महिपालपुर इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां नेशनल हाईवे 48 के पास एक अमेरिकी महिला अचानक खुले नाले में गिर गई। जब स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, तो महिला ने मदद करने वालों के साथ ही उलझना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला नशे की हालत में थी और अंग्रेजी में लोगों को अपशब्द कह रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही वसंत कुंज (उत्तर) पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को नाले से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में पाया गया कि उसे कोई बाहरी चोट नहीं आई है। बाद में उसकी बेहतर देखभाल के लिए उसे गोल्फ लिंक्स स्थित ईस्ट-वेस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मानसिक बीमारी से जूझ रही है महिला, अमेरिकी दूतावास को दी गई सूचना
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि महिला मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अमेरिका में रहने वाले महिला के भाई से संपर्क साधा है। साथ ही, दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास को भी इस पूरी घटना की औपचारिक जानकारी दे दी गई है।
फिलहाल महिला अमेरिकी दूतावास की देखरेख और निगरानी में है। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद दूतावास उसे वापस अमेरिका भेजने की तैयारी करेगा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह महिला उस इलाके में कैसे पहुंची और किस वजह से वह नशे की हालत में थी।