हथियार तस्करी सिंडिकेट मामला: वकील दीपक खत्री की जमानत याचिका कोर्ट ने की खारिज

राउज एवेन्यू कोर्ट ने अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े यूएपीए मामले में वकील दीपक खत्री की जमानत याचिका खारिज कर दी है।

Kittu Kumari31 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
हथियार तस्करी सिंडिकेट मामला: वकील दीपक खत्री की जमानत याचिका कोर्ट ने की खारिज

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शाहबाज अंसारी से जुड़े अंतरराष्ट्रीय अवैध हथियार सिंडिकेट मामले में वकील दीपक खत्री की जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया है। दीपक खत्री को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने यूएपीए (UAPA) और आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम का सदस्य बताते हैं। कोर्ट ने मामले की गंभीरता और उपलब्ध सबूतों को देखते हुए उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया है।

गिरफ्तारी की प्रक्रिया को सही ठहराया, मेरिट की कमी पाई

विशेष न्यायाधीश (UAPA) किरण बंसल ने दीपक खत्री की नियमित जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि उनकी अर्जी में दम नहीं है। आरोपी ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि उसकी गिरफ्तारी गैरकानूनी थी और उसे गिरफ्तारी के आधार नहीं बताए गए, जो संविधान के अनुच्छेद 21 और 22 का उल्लंघन है। हालांकि, कोर्ट ने पाया कि गिरफ्तारी के बाद 24 घंटे के भीतर उन्हें रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था और गिरफ्तारी के कारणों की लिखित जानकारी उन्हें और उनके परिवार को दी गई थी। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि आरोपी और उनकी पत्नी दोनों वकील हैं और कानून की प्रक्रियाओं से अच्छी तरह वाकिफ हैं।

जांच अधिकारी के अनुसार, यह पूरा मामला गुप्त सूचना के आधार पर शुरू हुआ था, जिसमें शुरुआती छापेमारी के दौरान 10 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 116 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। जांच में खुलासा हुआ कि इस सिंडिकेट का संचालन शाहबाज अंसारी और रेहान अंसारी कर रहे थे। शाहबाज अंसारी को 2022 में एनआईए ने गिरफ्तार किया था, लेकिन अंतरिम जमानत पर छूटने के बाद वह फरार हो गया और अब माना जा रहा है कि वह बांग्लादेश से अपना नेटवर्क चला रहा है।

पुलिस ने अब तक इस अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और टेरर मॉड्यूल से जुड़े 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 33 हाई-एंड विदेशी हथियार, जिनमें 2 सब मशीन गन और 368 जिंदा कारतूस शामिल हैं, बरामद किए जा चुके हैं। दीपक खत्री को 25 अगस्त को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लुक आउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर हिरासत में लिया गया था।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment