नोएडा गोल्फ कोर्स में ATMME '26 का आयोजन, टर्फ मैनेजमेंट की बारीकियों पर हुई चर्चा
नोएडा गोल्फ कोर्स में ATMME '26 का आयोजन हुआ, जहाँ टर्फ मैनेजमेंट और आधुनिक मशीनों के जरिए खेल के मैदानों के रखरखाव पर चर्चा हुई।

नोएडा गोल्फ कोर्स में हाल ही में 'एडवांस्ड टर्फ मैनेजमेंट एंड मशीनरी एजुकेशन डे' (ATMME '26) का शानदार आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मेजबानी गोल्फ कोर्स सुपरिंटेंडेंट्स एंड मैनेजर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (GCS&MAI) ने की। इस इवेंट का मुख्य उद्देश्य खेल के मैदानों, खासकर टर्फ के रखरखाव के लिए आधुनिक तकनीकों और नई मशीनों के बारे में जागरूकता फैलाना था।
इस खास मौके पर देशभर से 250 से ज्यादा दिग्गजों ने हिस्सा लिया। इनमें गोल्फ कोर्स सुपरिंटेंडेंट, मैनेजर, स्पोर्ट्स ग्राउंड प्रोफेशनल, कंसल्टेंट्स और कॉन्ट्रैक्टर्स शामिल थे। साथ ही, NDMC और CPWD के बागवानी निदेशकों सहित सरकारी प्रतिनिधियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी सत्र आयोजित किए गए और व्यावहारिक प्रदर्शनों के जरिए यह समझाया गया कि कैसे आधुनिक मशीनों का उपयोग करके मैदानों को बेहतर बनाया जा सकता है।
खेल मैदानों के रखरखाव के लिए नई तकनीक
इवेंट में दुनिया भर के मशहूर टर्फ-केयर ब्रांड्स ने अपनी मशीनरी का प्रदर्शन किया। इनमें 'द एक्वाट्रोल्स कंपनी' ने अपने वॉटर-मैनेजमेंट सॉल्यूशंस जैसे 'ट्रू ब्लू' और 'प्रिसाइज पॉन्ड' को पेश किया, ताकि पानी का सही प्रबंधन किया जा सके। इस पूरे आयोजन में एग्रीकेयर (Agricare) का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
GCS&MAI के एडिशनल वाइस प्रेसिडेंट राकेश शर्मा और वाइस प्रेसिडेंट कर्नल रवि राणा ने इस कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल गोल्फ तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और पोलो जैसे खेलों के मैदानों के रखरखाव और सस्टेनेबल प्रैक्टिस (टिकाऊ तरीकों) पर भी जोर दिया गया। इस प्लेटफॉर्म के जरिए इंडस्ट्री के प्रोफेशनल्स ने एक-दूसरे के साथ नए आइडियाज साझा किए और भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीकी नवाचारों को एक्सप्लोर किया।