उत्तर पूर्व दिल्ली में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार
उत्तर पूर्व दिल्ली के करावल नगर में पुलिस ने नकली घी बनाने वाली अवैध फैक्ट्री पकड़ी है। मौके से भारी मात्रा में घी और उपकरण बरामद हुए।

त्योहारों के सीजन में जब बाजारों में मिलावटखोरी का खतरा बढ़ जाता है, तब दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर पूर्व दिल्ली के करावल नगर इलाके में चल रही एक अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यहाँ बड़े पैमाने पर मिलावटी घी तैयार किया जा रहा था, जिसे बाजार में असली बताकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध घी और उसे बनाने के उपकरण जब्त किए हैं।
यह पूरी कार्रवाई हेड कांस्टेबल हेमंत को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उत्तर पूर्व जिले की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) की टीम ने इंस्पेक्टर दीपक पांडे के नेतृत्व में 28 अक्टूबर 2026 को शिव विहार के गली नंबर 22, फेज 10 में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से करीब 221.550 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने शिव विहार निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद समीर को गिरफ्तार किया है। डीसीपी (उत्तर पूर्व दिल्ली) राहुल अलवल के मुताबिक, आरोपी का यह पहला आपराधिक मामला है।
फैक्ट्री से बरामद सामान और कानूनी कार्रवाई
पुलिस जब फैक्ट्री के अंदर पहुंची, तो वहां मिलावट का पूरा तामझाम बिछा हुआ था। बरामद सामानों की सूची में दो गैस चूल्हे, एक एलपीजी सिलेंडर, रिफाइंड तेल के दो खाली टिन, एक नीला ड्रम, वजन करने की मशीन, 5 किलो का मापने वाला कप, तीन मग, एक बड़ा कीप (फनल) और दो करछुलियां शामिल हैं। पुलिस ने यह सारा सामान जब्त कर लिया है।
डीसीपी राहुल अलवल ने जनता से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और अगर कहीं भी मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने जैसी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। बरामद किए गए घी को फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा गया है ताकि उसकी शुद्धता और घटकों का पता लगाया जा सके।
इस मामले में करावल नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 318, 125, 274, 275 और 3(5) के तहत एफआईआर नंबर 311/2026 दर्ज की गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह मिलावटी घी किन-किन दुकानों या इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था।