मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन: दिल्ली पुलिस ने ACP मनस्वी वशिष्ठ को किया सस्पेंड
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित किया गया है। जानें क्या है पूरा मामला।

दिल्ली पुलिस में अनुशासनहीनता को लेकर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस विभाग ने असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया है। यह फैसला दिल्ली पुलिस मुख्यालय (PHQ) के बाहर हुए एक बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद लिया गया है, जिसमें पुलिसकर्मियों ने ही अपने वरिष्ठ अधिकारी के समर्थन में मोर्चा खोल दिया था।
मामला तब शुरू हुआ जब करीब 100 से 150 पुलिसकर्मियों, जिनमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं, ने पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन ACP मनस्वी वशिष्ठ और पूर्व थाना प्रभारी (SHO) अरुण कुमार के तबादले के खिलाफ था। दरअसल, 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच हुई एक हिंसक झड़प के बाद इन दोनों अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया था।
क्या थी प्रदर्शनकारियों की मांगें?
मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों की मांग थी कि ACP वशिष्ठ और SHO अरुण कुमार के ट्रांसफर ऑर्डर को तुरंत रद्द किया जाए और उन्हें वापस उनके पुराने पदों पर बहाल किया जाए। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और कानूनी समुदाय के बीच भविष्य में होने वाले टकरावों को रोकने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू करने की मांग भी की।
प्रदर्शनकारियों ने यह शर्त भी रखी थी कि इस विरोध प्रदर्शन में शामिल किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। सोमवार को जब वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कर्मियों को कानूनी और चिकित्सा सहायता का आश्वासन दिया, तब जाकर यह प्रदर्शन समाप्त हुआ।
हालांकि, प्रदर्शन खत्म होने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया। ACP मनस्वी वशिष्ठ पर इस प्रदर्शन का नेतृत्व करने और अनुशासन का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें निलंबित कर दिया गया है।