ABVP ने UGC-NET परीक्षा में गड़बड़ी और री-एग्जाम पर NTA से मांगी जवाबदेही, छात्रों के भविष्य पर जताई चिंता

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की UGC-NET परीक्षा दोबारा कराने के फैसले पर गहरी चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि NTA को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना चाहिए और इन विषयों में पाई गई गंभीर गलतियों—जैसे तथ्यात्मक, टाइपोग्राफिकल, भाषाई और अनुवाद संबंधी अशुद्धियों—पर अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए।
ABVP ने NTA की लापरवाही की निंदा की
ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने NTA की लापरवाही की आलोचना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में इस तरह की कमियों के कारण छात्रों पर मानसिक और आर्थिक बोझ पड़ता है। संगठन ने मांग की है कि NTA री-एग्जाम देने वाले छात्रों के लिए सही सेंटर अलॉटमेंट और पूरी लॉजिस्टिकल सपोर्ट की व्यवस्था करे ताकि छात्रों को दोबारा परेशानी न उठानी पड़े।
छात्रों से सुझाव जुटा रहा है संगठन
फिलहाल ABVP देश भर के छात्रों और शिक्षकों से सुझाव इकट्ठा कर रहा है, जिसके तहत चंडीगढ़, दिल्ली और पटना में बैठकें हो चुकी हैं। इन सभी सुझावों को परीक्षा सुधार के लिए बनाई गई एक हाई-लेवल कमेटी के सामने रखा जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और सिस्टम में सुधार नहीं किया गया, तो NTA की जवाबदेही तय करने के लिए देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।