बच्चों को सिखाएंगे अच्छी आदतें: एबॉट और सेसम वर्कशॉप ने लॉन्च किया खास प्रोग्राम

बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। एबॉट और सेसम वर्कशॉप इंडिया ने मिलकर एक ऐसा इमर्सिव प्रोग्राम शुरू किया है, जिसका मकसद 3 से 8 साल के बच्चों में खेल-खेल में स्वस्थ आदतें विकसित करना है। इस पहल के जरिए बच्चों को पोषण, शारीरिक गतिविधि, नींद, स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि भविष्य में उन्हें गैर-संचारी रोगों (NCDs) जैसी गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके।
मपेट्स और कहानियों के जरिए सीखेंगे बच्चे
इस प्रोग्राम की खासियत यह है कि इसमें बच्चों को बोरियत नहीं होगी, बल्कि वे कहानियों और मजेदार किरदारों के जरिए सीखेंगे। मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में करीब 150 वंचित समुदायों के बच्चों ने हिस्सा लिया। यहां बच्चों ने एल्मो, ग्रोवर और कुकी मॉन्स्टर जैसे मशहूर सेसम स्ट्रीट किरदारों के साथ इंटरैक्टिव शो देखे और योग सत्रों में भाग लिया।
इस अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए लखनऊ में एक विशेष आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार की महिला एवं बाल विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती लीना जौहरी शामिल हुईं। उन्होंने सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य संवर्धन के लिए राज्य के समर्थन पर जोर दिया।
इस पूरी मुहिम में स्माइल फाउंडेशन का भी सहयोग है। शिक्षा सामग्री को हर बच्चे तक पहुँचाने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों और कार्यकर्ताओं के नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा है। बच्चों के लिए हिंदी भाषा में कहानी की किताबें, एक्टिविटी बुक्स, योग गाइड और फ्लैशकार्ड तैयार किए गए हैं।
एबॉट इंडिया की ग्लोबल सिटीजनशिप एंड सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर पूनम शर्मा ने बताया कि बचपन में ही अच्छी आदतें डालना जीवनभर की सेहत के लिए बेहद जरूरी है। यह साझेदारी सेसम वर्कशॉप की शैक्षिक विशेषज्ञता और एबॉट की स्वास्थ्य प्रतिबद्धता का एक बेहतरीन संगम है।