AAP ने लगाया बड़ा षड्यंत्र का आरोप, पार्टी कार्यालय के पते पर दो महीने में 58 कंपनियां रजिस्टर्ड

आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नाक के नीचे पार्टी के खिलाफ एक बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो महीनों में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय के पते पर 58 व्यवसाय रजिस्टर्ड किए गए हैं। यह सारी प्रक्रिया चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप मढ़ने के लिए की जा रही है।
जीएसटी नंबर और दस्तावेजों की जांच पर सवाल
सौरभ भारद्वाज ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय के पते पर जीएसटी नंबर कैसे मिल गए, जबकि इस पूरी प्रक्रिया में पैन कार्ड और आधार कार्ड का ओटीपी वेरिफिकेशन होता है। उन्होंने सवाल किया कि बिजली का बिल, रेंट एग्रीमेंट और टैक्स विवरण देने के बाद इन कंपनियों को सरकारी पते पर कैसे पंजीकृत किया गया, जबकि जीएसटी अधिकारी अक्सर फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए भी आते हैं। पार्टी ने इस मामले की शिकायत जीएसटी कमिश्नर और दिल्ली पुलिस कमिश्नर को दे दी है।
पुराने चुनावों और घोटालों का किया जिक्र
प्रेसवार्ता के दौरान भारद्वाज ने पंजाब और दिल्ली चुनावों से पहले लगाए गए पुराने आरोपों का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले खालिस्तानी फंडिंग और आबकारी घोटाले जैसे बड़े आरोप लगाए गए, लेकिन चुनाव के बाद वे आरोप साबित नहीं हो सके। अब चुनाव से चार महीने पहले यह नया मामला सामने आया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार इस मामले की जांच करे कि इन 58 कंपनियों के पीछे कौन लोग शामिल हैं।