प्रधानमंत्री आवास के पास 53.242 एकड़ जमीन पर अधिकार, सीपीडब्ल्यूडी को सौंपी गई देखरेख

प्रधानमंत्री आवास के पास स्थित 53.242 एकड़ जमीन का आधिकारिक अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है। इस जमीन को केंद्रीय लोक निर्माण विभाग यानी सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) को इसकी देखभाल और रखरखाव के लिए सौंप दिया गया है। यह कार्रवाई 27 अगस्त 2026 को पूरी की गई।
जमीन अधिग्रहण और दस्तावेज प्रक्रिया
यह पूरी कार्रवाई संपदा सेवा संगठन के 11 अगस्त 2026 के आदेश और 26 अगस्त 2026 के निर्देश के पालन में की गई है। संपत्ति को जैसे है, जहां है के आधार पर लिया गया है। भूमि और विकास कार्यालय के प्रतिनिधियों ने सीपीडब्ल्यूडी के ई-डिवीजन के कार्यकारी अभियंता को कब्जा सौंप दिया है, और दोनों विभागों के अधिकारियों ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए हैं।
अदालत का फैसला और बेदखली कार्रवाई
यह अधिग्रहण पटियाला हाउस कोर्ट के नई दिल्ली जिला के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा 25 अगस्त 2026 को दिए गए एक महत्वपूर्ण न्यायिक फैसले के बाद हुआ है। अदालत ने दिल्ली रेस क्लब लिमिटेड की उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें बेदखली आदेश पर रोक लगाने की मांग की गई थी। अदालत ने पाया कि क्लब ने अपना जवाब और सबूत पेश करने के कई मौके गंवाए। यह बेदखली की कार्रवाई लोक परिसर अधिनियम के तहत शुरू की गई थी, जिसके बाद क्लब को मार्च 2026 में खाली करने का नोटिस जारी किया गया था।